नसीम खान सांची
साँची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में तीसरी स्पिरिचुअल स्ट्रोक्स कार्यशाला के समापन समारोह में भारतीय चित्रकला और भगवान बुद्ध के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से विचार हुआ। 4 दिवसीय कार्यशाला में चित्रकारी में रेखा का महत्व, स्कैच करना, प्रकृति का अध्ययन, रंगों का मिश्रण एवं चयन तथा मांडना आदि विभिन्न चित्रकला विधाओं पर चर्चा हुई। कार्यशाला में चित्रण को समझते हुए पेपर पर एक्रिलिक रंगों से बुद्ध पर पेंटिंग्स भी बनाईं गई।
कोलकाता के भारतीय संग्रहालय के वरिष्ठ चित्रकार रहे श्री शुभेंदु बिश्वास ने विपस्सना, ध्यान, योग और कला के आपसी महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि बुद्ध का चेहरा बनाना महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि बुद्ध ने जो जीवन जीया और व्यवहार किया, अगर चित्रकार उसे अपने अंदर उतारता है तो उसकी चित्रकारी में वो नज़र आएगा। शुभेंदु बिश्वास ने कहा कि सांची विश्वविद्यालय में लगे बोधि वृक्ष की जड़ें सांची में हैं, लेकिन बोधगया और श्रीलंका से इनका जुड़ाव सीधा है क्योंकि यह वृक्ष भारतीय संस्कृति का वाहक है।
कार्यशाला में अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय के छात्र सम्मिलित हुए। कार्यशाला और प्रशिक्षण का भरपूर लाभ उठाने वाले छात्रों ने कहा कि उन्होंने जो चित्रकारी की बारीकियां सीखीं वह उनके अंदर बोध-भाव को जागृत करने का प्रशिक्षण था।
सांची विश्वविद्यालय के चित्रकारी विभाग के छात्रों के अलावा हिंदी, बौद्ध अध्ययन विभाग और अन्य विभागों के छात्रों ने भी चित्रकारी में बहुत रुचि दिखाई। शुभेंदु बिश्वास ने जिस पेंटिंग को बनाकर छात्रों को प्रशिक्षण दिया उसमें सारांश तत्व त्याग को रखा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय खुला विश्वविद्यालय के चित्रकारी विभाग के निदेशक डॉ. लक्ष्मण प्रसाद ने भी चित्रकारी कर छात्रों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बुद्ध और उनके शिष्यों को दर्शाया। भारतीय चित्रकला विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ सुस्मिता नंदी ने पूरी कार्यशाला की संक्षेपिका प्रस्तुत की और चारों दिन के विशिष्ट कार्यक्रमों और उससे हुई उपलब्धियों की बात की।





