नसीम खान
सांची,,, स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को लेकर नगर में हर्षोल्लास का माहौल है। नगर भर में शासकीय, अशासकीय एवं व्यक्तिगत स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। शासकीय एवं अशासकीय भवनों पर आकर्षक रंगबिरंगी विद्युत सजावट के साथ साफ-सफाई की गई है, वहीं घर-घर तिरंगा फहराए जाने से पूरा नगर तिरंगामय नजर आने लगा है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में वितरित की जाने वाली मिठाइयां भी तैयार करवाई जा रही हैं। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नगर के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा मुख्य मार्ग से रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही नगर में अनेक स्थानों पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। नगर के लगभग सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालय रंगबिरंगी विद्युत रोशनी से सज चुके हैं। विभिन्न कार्यालयों में निर्धारित समय के अनुसार ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नगर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है और स्वतंत्रता दिवस को उत्सव के रूप में मनाने को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह है।





