नसीम खान
सांची,,, नगर परिषद के नवीन कार्यालय भवन के लोकार्पण का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तीन मंजिला सर्वसुविधायुक्त भवन का लोकार्पण 16 अक्टूबर, शुक्रवार को दोपहर 2 बजे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद द्वारा नवीन भवन में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
जर्जर भवन की जगह मिला आधुनिक कार्यालय
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद का पुराना कार्यालय भवन काफी जर्जर अवस्था में पहुंच गया था। इसके चलते परिषद को लंबे समय से नवीन भवन की आवश्यकता महसूस हो रही थी। इस आवश्यकता को देखते हुए नगर परिषद की बैठक में नवीन भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर भवन निर्माण की जिम्मेदारी भोपाल की गंगवार कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपी गई। लगभग एक वर्ष में बनकर तैयार हुए इस भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
तीन मंजिलों में कार्यालय और व्यावसायिक सुविधाएं
नवीन भवन के भूतल पर 15 दुकानों का निर्माण किया गया है, जिनकी नीलामी भी हो चुकी है। इन दुकानों से 15 परिवारों को रोजगार और आजीविका का अवसर मिलने की उम्मीद है। वहीं, दूसरी मंजिल पर एक बैठक हॉल के साथ आठ कमरे बनाए गए हैं। तीसरी मंजिल पर भी एक हॉल और आठ कमरे निर्मित किए गए हैं। इन कमरों में नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं का संचालन किया जाएगा। भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नवीन फर्नीचर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां तेज
नवीन भवन के लोकार्पण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी गतिविधियां जारी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत सहित सभी पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नगर के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
नगर के लिए महत्वपूर्ण सौगात।
नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने बताया कि नगर परिषद के लिए नवीन कार्यालय भवन की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में परिषद की बैठक में विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित किया गया और नवीन भवन का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि नगर को सर्वसुविधायुक्त कार्यालय भवन उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे परिषद के प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी तथा नागरिकों को भी बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।





