नसीम खान
सांची,,, दीपावली पर्व को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सांची पुलिस ने नगर में संचालित पटाखा दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों के लाइसेंस की जांच करने के साथ ही पटाखों का निरीक्षण किया गया तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के विभिन्न स्थानों पर संचालित पटाखा दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों के लाइसेंस चेक किए गए तथा पटाखों की पड़ताल की गई। साथ ही प्रतिबंधित कार्बाइन गन के संबंध में भी जांच-पड़ताल की गई।
पुलिस ने पटाखा व्यापारियों को खतरनाक पटाखे नहीं रखने तथा दुकानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने दुकानदारों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही पटाखों की बिक्री करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान अनधिकृत रूप से पटाखों की बिक्री अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया गया है। प्रतिबंधित कार्बाइन गन के संबंध में भी जांच की गई है। उन्होंने कहा कि सभी पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए हैं तथा त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर दुकानों की जांच की जाती रहेगी।
पुलिस का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित कर दीपावली के पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।





