नसीम खान
सांची,,,नगर में इन दिनों मच्छरों का आतंक बढ़ गया है। मच्छरों के कारण नगरवासियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही मच्छरजनित गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने मच्छर मार कीटनाशक अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नगर की नालियों, गड्ढों एवं ठहरे हुए पानी में मच्छर पनप रहे हैं। इन मच्छरों के खात्मे के लिए नगर परिषद ने कमर कस ली है। नप कर्मचारी विभिन्न वार्डों में ठहरे पानी को निकालने की जुगत में जुटे हैं, तो दूसरी ओर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा है।
इसके साथ ही नगर भर में फॉगिंग मशीन से धुएं का छिड़काव किया जा रहा है। जगह-जगह फॉगिंग मशीन की आवाज गूंज रही है और नगर धुआं-धुआं हो रहा है।
नगर परिषद के इस अभियान से उम्मीद जगी है कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों पर अंकुश लगेगा तथा लोगों को मच्छरों से छुटकारा मिल सकेगा।





