नसीम खान
सांची,,, पुरानी रंजिश को लेकर जान से मारने की नीयत से युवक पर हथियार से हमला करने के मामले में सांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते मोहरसिंह मेहरा और उसके पुत्र अभिषेक मेहरा ने अभिषेक धानक पर बका जैसे हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई राज धानक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। फरियादी शिवकुमार धानक निवासी सांची की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रायसेन आकांक्षा तलैया के निर्देशन में थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 6 सांची निवासी मोहरसिंह मेहरा पिता देवचंद मेहरा एवं अभिषेक मेहरा पिता मोहरसिंह मेहरा को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा सहित पुलिस टीम के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।






