नसीम खान
रायसेन,
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 18 सितम्बर को जिले के सांची विकासखण्ड के दीवानगंज में शिविर आयोजित किया गया। जिसमें सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा तथा कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा नागरिकों की समस्याओं, आवेदनों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, एसपी श्री आशुतोष गुप्ता, डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला सहित जिला और विकासखण्ड अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में सांची विधायक डॉ चौधरी ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ सभी पात्र नागरिकों तक सुगमता से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो, इसी उद्देश्य के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें नागरिकों के पास पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों के पक्के मकान का सपना साकार किया है। इसी प्रकार आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंदों को हर साल पांच लाख रू तक निःशुल्क इलाज की सुविधा दी गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हर वर्ष 6 हजार रू और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 06 हजार रू इस प्रकार हर साल 12 हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि गांव-गांव को मुख्य मार्गो से जोड़ा जा रहा है। क्षेत्र के 25 गांवों के लिए हलाली डेम परियोजना से पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसी प्रकार बारना परियोजना से सलामतपुर में पेयजल आपूर्ति की योजना पर काम किया जा रहा है। ग्रामीणों को बेहतर उपचार मिले, इसके लिए जगह-जगह स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण कराया गया है।
शिविर में प्राप्त आवेदनों में से जिनका निराकरण मौके पर संभव था, उनका संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर स्थल पर अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।





