नसीम खान
सांची,,,हाल ही में संपन्न हुए रायसेन जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सांची आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
जानकारी के अनुसार रायसेन जिला बार एसोसिएशन का चुनाव हाल ही में संपन्न हुआ था। चुनाव में निर्वाचित होने के बाद पदाधिकारी प्रथम बार सांची पहुंचे, जहां जनपद पंचायत सभागार में स्थानीय अधिवक्ताओं द्वारा स्वागत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संघर्ष शर्मा, सचिव मुकेश शाक्या, उपाध्यक्ष सुमन गुप्ता एवं सनद कुमार पांडे सहित अन्य पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं, शाल एवं श्रीफल भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सांची के अधिवक्ताओं में राजेंद्र सिंह राजपूत, जसवंत सिंह राजपूत, नारायण सिंह पाल, बलराम मैना, ओमप्रकाश चौकसे सहित अनेक अधिवक्तागण उपस्थित रहे। इसके साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता जवाहर सिंह चौहान, बीएन पाठक, मनोज शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष संघर्ष शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे चौबीस घंटे उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और न्यायिक हितों के लिए मिलजुल कर कार्य करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।





