नसीम खान
सांची,,, नगर के सिविल अस्पताल में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभूराम चौधरी ने किया। इस अवसर पर बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन भी कराया गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, वरिष्ठ नेता दातार सिंह मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अस्पताल के चिकित्सक एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रभूराम चौधरी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के साथ समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता का पालन, साफ पानी का उपयोग तथा संतुलित खान-पान को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कृमि संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान में अभिभावकों से भी सहयोग करने की अपील की।
डॉ. चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है और सिविल अस्पताल में अब लगभग सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छ वातावरण आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सजग रहने की अपील की।
सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य और उनके शारीरिक विकास को प्रभावित कर सकता है। इसलिए अभियान के तहत बच्चों को निर्धारित दवा का सेवन कराना और स्वच्छता संबंधी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।





