नसीमखान
सांची, क्षेत्र में जैसे-जैसे तापमान अपने चरम पर पहुँच रहा है, वैसे ही बिजली वितरण कंपनी ने भी अपने बकायादार उपभोक्ताओं के प्रति रुख सख्त कर लिया है। गर्मी के इस दौर में जहां आमजन बिजली पर निर्भर होता जा रहा है, वहीं बकाया राशि अदा न करने वाले उपभोक्ताओं की अब खैर नहीं है।
बिजली वितरण कंपनी द्वारा पहले ही बकायादारों को भुगतान हेतु नोटिस जारी किए गए थे। इसके साथ ही लोक अदालतों के माध्यम से छूट और समाधान की पेशकश भी की गई थी, लेकिन उपभोक्ताओं की उदासीनता और बकाया राशि में लगातार वृद्धि ने कंपनी को कठोर कदम उठाने पर विवश कर दिया।
अब वितरण कंपनी ने वसूली अभियान को तीव्र गति देते हुए बकायादारों के खिलाफ सीधे ट्रांसफार्मर उतारने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्यवाही पुलिस बल की मौजूदगी में की जा रही है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कई जगहों पर उपभोक्ताओं ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन सख्त कार्रवाई के चलते उन्हें पीछे हटना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, कुछ स्थानों पर तो ट्रांसफार्मर उतारने की कार्रवाई बंदूक की नोक पर की जा रही हैं जिससे बकाया दारो के क्षेत्र अंधेरे मे डूबने से इंकार नहीं किया जा सकता है
गौरतलब है कि भीषण गर्मी के इस समय में जब लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना भी कठिन हो गया है, तब बिजली की कटौती ने आमजन को बेहाल कर दिया है। नेताओं द्वारा बिजली की बहाली के किए गए वादे अब तक खोखले साबित हो रहे हैं। वहीं, जनप्रतिनिधि भी इस संवेदनशील मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।मंडल की इतनी सख्ती के बाद भी अगर बकाया दारो ने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया तो भविष्य में बिजली गडबडाने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है जिसका खामियाजा भुगतान करने वालों को भी भुगतना पड़ सकता है । इससे बकाया दारो मे हडकंप मच गया है तथा बकाया दार बकाया राशि भुगतान हेतु लगातार आ रहे है इस मामले में इनका कहना है।।
हम लगातार बकाया दारो से बकाया राशि जमा करने के प्रयास कर रहे हैं इस मामले में हमनें मेढकी तिजालपुर दीवानगंज उचेर सहित अन्य क्षेत्र के एवं किसानों की बकाया राशि के कारण लगभग 17 ट्रासफार्मर उतार लिये हैं एवं आगे भी यह कार्यवाही जारी रहेगी इस कार्यवाही के चलते बकाया राशि लगभग 5 लाख रुपये वसूली की गई हैं ।हम सभी बकाया दारो से अनुरोध कर रहे है कि असुविधाओ से बचने के लिए शीध्र बकाया राशि जमा करें।मनीष श्रीवास्तव एई मप्र वि वि कंपनी सांची






