राजर्षि मिश्रा ✍️
उमरिया जिले के इंदवार थाना अंतर्गत अमरपुर चौकी क्षेत्र के कुड़ी डैम में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी दोपहर को मिलते ही अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों द्वारा डैम में शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को बाहर निकलवाया तथा पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर की मरचुरी में रखवाया है।
मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी शिनाख्त और परिजनों की तलाश में जुटी हुई है। शव की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि महिला की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
मामले की जांच अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान एवं मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





