नसीम खान
सांची,,,आजीविका मिशन के अंतर्गत सांची नगर के गार्डन में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय राखी मेले का गुरुवार को समापन हुआ। मेले में स्वसहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प एवं विभिन्न घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री आकर्षण का केंद्र रही।
जानकारी के अनुसार आजीविका मिशन सांची द्वारा 24 अगस्त से 27 अगस्त तक आयोजित इस मेले का शुभारंभ जनपद पंचायत अध्यक्ष अर्चना पोर्ते ने किया। इस अवसर पर सीएफएल अध्यक्ष श्रीमती रूपवती जाटव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मेले का उद्देश्य स्वसहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाना था।
मेले में महिलाओं द्वारा प्राकृतिक एवं हस्तनिर्मित सामग्री से तैयार आकर्षक राखियां, फैंसी राखियां, प्राकृतिक धागों से बनी राखियां, कृत्रिम फूल, गृह सज्जा की सामग्री सहित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए। वहीं खाद्य सामग्री में घर के बने शुद्ध मसाले, अचार, पापड़, बड़ी, सरसों एवं तिल का तेल तथा जैविक उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहे।
मेले में पहुंचे लोगों ने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना करते हुए उनकी कला और हुनर की प्रशंसा की। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन लगातार होते रहना चाहिए, ताकि स्वसहायता समूह की महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिले और वे आर्थिक रूप से मजबूत बनकर आत्मनिर्भर हो सकें।
महिलाओं के हुनर को बाजार मिले तो आत्मनिर्भरता की राह और मजबूत होगी।




