नसीम खान
सांची,,, रेलवे स्टेशन मार्ग पर करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित नगर परिषद के नवीन कार्यालय भवन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इसी माह भवन के लोकार्पण की संभावना जताई जा रही है। सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद का यह नवीन भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तीन मंजिला भवन के रूप में तैयार किया गया है। इसमें नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं के लिए अलग-अलग कक्ष, परिषद की बैठकों के लिए मीटिंग हॉल, अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए व्यवस्थित कार्यालय कक्ष सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। भवन के निचले तल पर दुकानों का निर्माण भी कराया गया है। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था, महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक प्रसाधन तथा लिफ्ट की सुविधा प्रस्तावित है।
ऐतिहासिक नगरी सांची की पहचान को ध्यान में रखते हुए भवन के मुख्य द्वार को ऐतिहासिक कलाकृतियों से आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। इससे नवीन कार्यालय भवन नगर की सुंदरता में भी इजाफा करेगा।
उल्लेखनीय है कि नगर परिषद का वर्तमान कार्यालय भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिसके चलते नवीन कार्यालय भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से तैयार किए गए इस भवन का निर्माण अब अंतिम चरण में है।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने भवन के प्रत्येक कक्ष एवं हॉल का जायजा लिया तथा जहां भी कमियां दिखाई दीं, उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर पार्षद अमित जोशी, हितेश पाल, लेखापाल महिपत शर्मा, स्टोर प्रभारी हिमांचल ठाकुर, राजीव श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि इसी माह नवीन कार्यालय भवन का लोकार्पण कराया जा सकता है। संभावित लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।
नवीन भवन तैयार होते ही नगर परिषद को लंबे इंतजार के बाद आधुनिक एवं व्यवस्थित कार्यालय की सौगात मिल सकेगी।





