नसीम खान
सांची,,,नगर परिषद सांची द्वारा नगर के विकास कार्यों की श्रृंखला में आज एक और कदम बढ़ाया गया। नगर के वार्ड क्रमांक 3 में लंबे समय से लंबित सीसी रोड की मांग को पूरा करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने सीसी रोड निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नं. 3 के रहवासी लंबे समय से कच्ची सड़क एवं कीचड़ की समस्या से परेशान थे। बरसात के दिनों में आवागमन में काफी कठिनाई होती थी। वार्डवासियों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष ने तत्काल सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति दी थी, जिसका आज शुभारंभ किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य को समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य है कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और कोई भी वार्ड विकास से अछूता न रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने कहा कि नगर के सभी 15 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। पेयजल, सड़क, नाली एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी, गणमान्य नागरिक तथा नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने सीसी रोड की सौगात मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष का आभार माना।





