नसीम खान
सांची,,,नगर में इन दिनों विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्यों ने गति पकड़ी है। कई स्थानों पर सीसी रोड निर्माण कार्य जारी हैं, लेकिन निर्माण एजेंसियों द्वारा निर्माण सामग्री सड़कों अथवा सड़क किनारे जमा किए जाने से लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि आवागमन वाले मार्गों पर ही सामग्री के ढेर लगाए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
नगर में निर्माण कार्यों के दौरान सड़क किनारे सामग्री रखने की समस्या नई नहीं है। बावजूद इसके संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर प्रभावी कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं। कई स्थानों पर सरकारी भूमि का उपयोग भी निर्माण सामग्री रखने के लिए किया जा रहा है।
बस स्टैंड पहुंच मार्ग पर भी इन दिनों निर्माण सामग्री के ढेर लगाए जाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यह मार्ग नगर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बस स्टैंड की ओर आवागमन करते हैं। सड़क किनारे सामग्री जमा होने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है।
खास बात यह है कि जिस स्थान पर निर्माण सामग्री जमा की जा रही है, उसके आसपास ही जनपद पंचायत कार्यालय, पशु चिकित्सालय और अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठकों के लिए सभागार सहित कई शासकीय कार्यालय स्थित हैं। इसी मार्ग से तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों का भी आवागमन होता रहता है। इसके अलावा समय-समय पर पुलिस का फ्लैग मार्च भी इसी मार्ग से निकलता है। इसके बावजूद सड़क पर पड़े निर्माण सामग्री के ढेर जिम्मेदारों की नजर में नहीं आना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
रेशम केंद्र की शासकीय भूमि भी बन रही सामग्री रखने का ठिकाना
नगर के रेशम केंद्र के बंद होने के बाद परिसर की स्थिति भी बदली हुई नजर आ रही है। यहां पहले मौजूद पेड़-पौधे भी अब काफी हद तक उजड़ चुके हैं। नगर परिषद द्वारा इस परिसर की रिक्त शासकीय भूमि का उपयोग अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए किया जा रहा है। अब निर्माण कार्यों से जुड़ी एजेंसियों द्वारा भी इसी क्षेत्र में निर्माण सामग्री रखे जाने से शासकीय भूमि के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके लिए सार्वजनिक मार्गों और शासकीय भूमि को निर्माण सामग्री के भंडारण स्थल में बदल देना उचित नहीं है। संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि निर्माण सामग्री निर्धारित स्थान पर रखी जाए और आवागमन वाले मार्गों को बाधित न किया जाए।
अब देखना यह है कि नगर में चल रहे निर्माण कार्यों के बीच सड़कों पर जमा सामग्री को हटाने और आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए जिम्मेदार विभाग कब प्रभावी कदम उठाते हैं।





