नसीम खान
सांची,,,वर्षों पुराने जर्जर भवन में संचालित हो रहे नगर परिषद कार्यालय को अब जल्द ही नया ठिकाना मिलने की उम्मीद है। स्टेशन रोड पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया नवीन नगर परिषद कार्यालय भवन निर्माण के बाद पूरी तरह तैयार हो चुका है। भवन में फर्नीचर, साज-सज्जा सहित अधिकांश व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं, अब इसे लोकार्पण का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद का कार्यालय लंबे समय से मुख्य चौराहे के समीप स्थित पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा था। कार्यालय की आवश्यकता और भवन की स्थिति को देखते हुए नगर परिषद ने नवीन कार्यालय भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्थान का चयन किया। इसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर करीब एक वर्ष पूर्व भवन का भूमिपूजन कराया गया था। निर्धारित अवधि में भवन का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
नवीन कार्यालय भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ ही सांची की ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए इसकी बनावट तैयार की गई है। भवन में कार्यालयीन कार्यों के लिए पर्याप्त स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। निचले तल पर 15 दुकानों का निर्माण किया गया है, जिनकी नीलामी भी हो चुकी है। वहीं दूसरी मंजिल पर एक मीटिंग हॉल सहित आठ कमरों का निर्माण कराया गया है, जिनमें नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। तीसरी मंजिल पर भी नौ कमरों का निर्माण कराया गया है। सभी कमरों में फर्नीचर की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
बाउंड्रीवाल का काम जल्द होगा पूरा
नगर परिषद के सहायक यंत्री राजेंद्र स्वर्णकार ने बताया कि नवीन कार्यालय भवन करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार कराया गया है। भवन में आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। बाउंड्रीवाल का निर्माण भी शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा। कार्यालय के मुख्य द्वार को सांची की ऐतिहासिक पहचान से जोड़ते हुए तैयार कराने का प्रस्ताव है। भवन का निर्माण गुणवत्ता के साथ कराया गया है तथा लोकार्पण के बाद इसे नवीन भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
लोकार्पण के लिए केंद्रीय मंत्री से मांगा समय
नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने बताया कि नगर परिषद को कई वर्षों से नवीन कार्यालय भवन की आवश्यकता महसूस हो रही थी। नवीन भवन के लिए प्रस्ताव पारित कर स्थान का चयन किया गया और सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ऐतिहासिक स्थल सांची की पहचान के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन तैयार कराया गया है। यह नगर के विकास की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
उन्होंने बताया कि नवीन कार्यालय भवन के लोकार्पण के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान से समय मांगा गया है। केंद्रीय मंत्री का समय मिलते ही उसके अनुसार लोकार्पण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देकर समारोह आयोजित किया जाएगा।
पुराने जर्जर कार्यालय से निकलकर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए भवन में नगर परिषद कार्यालय के स्थानांतरण का इंतजार अब लोकार्पण की तारीख तय होने पर टिका है।





