नसीम खान
सांची,,, शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सांची नगरी में भक्ति का सैलाब उमड़ा हुआ है। नवरात्रि के सातवें दिन शनिवार को माँ दुर्गा के सातवें स्वरूप माँ कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है।
मां कालरात्रि की मान्यता
मान्यता के अनुसार माँ कालरात्रि का स्वरूप अत्यंत तेजस्वी है। इनकी पूजा करने से भक्तों के समस्त भय, बाधाएं और शत्रु नष्ट हो जाते हैं। माँ कालरात्रि दुष्टों का विनाश करने वाली और अपने भक्तों को अभय प्रदान करने वाली हैं। इनकी आराधना से भक्तों को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता और सभी सिद्धियों की प्राप्ति होती है। आज के दिन माँ को गुड़ का भोग लगाना अत्यंत शुभ माना जाता है।
सांची में भक्तिमय माहौल
सातवें दिन के अवसर पर नगर की विभिन्न दुर्गा झांकियों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन लाभ के लिए पहुंच रही है। महिला, पुरुष और बच्चे माता के जयकारे लगाते हुए विभिन्न पंडालों में दर्शन कर रहे हैं।
भक्त उपासना में लीन हैं और कई श्रद्धालुओं ने कठोर उपवास भी धारण कर रखे हैं। दिनभर व्रत रखकर शाम को महाआरती में शामिल हो रहे हैं। पंडालों में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और महाआरती का दौर जारी है।
शाम होते ही झांकियां रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठती हैं, जिसे देखने के लिए दर्शनार्थियों का तांता लगा रहता है। पूरे नगर का वातावरण धर्ममय हो उठा है और चारों ओर माँ दुर्गा के जयकारे गूंज रहे हैं।





