नसीम खान
रायसेन
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने बुधवार को जिला चिकित्सालय रायसेन में चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की बैठक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सा अधिकारियों को निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित रहकर अपनी ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑन-कॉल ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को भी निर्धारित समय-सीमा में मरीजों को अटेंड करने तथा आवश्यकता अनुसार उपचार उपलब्ध कराने के लिए कहा। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील, सम्मानजनक और सहयोगात्मक होना चाहिए। मरीजों को समय पर उपचार मिले और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री तथा सिविल सर्जन डॉ अनिल ओढ को निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।





