नसीमखान
रसोई, परिवहन और खेती की बढ़ी लागत से बिगड़ा परिवारों का मासिक बजट
सांची,,, लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की घरेलू अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। खाद्य सामग्री, सब्जियां, फल, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल तथा किसानों के लिए खाद-बीज सहित आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से लोगों का मासिक बजट असंतुलित हो गया है। सबसे अधिक परेशानी सीमित आय वाले मध्यम वर्गीय परिवारों को उठानी पड़ रही है।
नगरवासियों का कहना है कि दाल, तेल, आटा, चावल, सब्जियों और फलों की बढ़ती कीमतों से रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है। वहीं पेट्रोल-डीजल के महंगे होने से परिवहन लागत बढ़ने के कारण अन्य वस्तुओं के दामों पर भी असर पड़ रहा है। किसानों के लिए खाद, बीज और कृषि सामग्री महंगी होने से खेती की लागत भी बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकार की विभिन्न योजनाओं से गरीब परिवारों को कुछ राहत मिलती है, लेकिन सीमित आय वाला मध्यम वर्ग इन योजनाओं के दायरे से बाहर रह जाता है। ऐसे में महंगाई का सबसे अधिक असर इसी वर्ग पर पड़ रहा है।
लोगों ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी निगरानी, नियमित निरीक्षण और मूल्य नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। बढ़ती महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण आज केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक आवश्यकता भी बन गया है।


