नसीम खान संपादक
रायसेन,
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मंत्रालय से वीसी के माध्यम से स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 की तैयारियों के संबंध में समस्त कमिश्नर्स व कलेक्टर्स से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री अरविंद दुबे, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पीओ डूडा श्री राजेन्द्र सिंह सहित सभी सीएमओ उपस्थित रहे।
वीडियो कॉफ्रेंस के उपरांत कलेक्टर श्री दुबे द्वारा पीओ डूडा सहित सभी सीएमओ से नगरीय निकायों में स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 को लेकर की जा रही तैयारियों तथा विगत सर्वेक्षण में निकायों की रैंकिंग की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में मूल्यांकन मापदण्डों में किए गए बलदावों पर चर्चा करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जाए। जन-जन को अभियान से जोड़े तथा अपने घर, मोहल्ले, वार्ड तथा नगर को स्वच्छता में सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए प्रेरित करें।
कलेक्टर श्री दुबे ने निर्देश देते हुए कहा कि माइक्रो स्तर पर कार्ययोजना बनाते हुए काम किया जाए। प्रत्येक वार्ड में नियमित साफ-सफाई हो। यह सुनिश्चित करना है कि वार्डो में, नगरों में सदैव स्वच्छता बनी रहे। इसके लिए जनजागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता के लिए नवाचार करने के लिए भी कहा। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ने के लिए कहा। उन्होंने पीओ डूडा सहित सभी सीएमओ को नगरों में स्वच्छता जागरूकता के लिए रैली, संवाद, दौड़ सहित विभिन्न गतिविधियां किए जाने के निर्देश दिए।






