नसीमखान सांची
अपराधों पर कड़ाई और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश
सांची,, जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने आज सुबह अचानक सांची थाने का निरीक्षण किया। उनके आगमन पर थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी सहित समस्त अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी गुप्ता ने थाने पहुंचते ही साफ-सफाई, रिकॉर्ड तथा विभिन्न कक्षों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी से क्षेत्र में चल रही आपराधिक गतिविधियों की जानकारी ली और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि महिलाओं और स्कूली छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी देते हुए उन्होंने टीम वर्क और तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया।उन्होंने वाहनों की चेकिंग मे भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी त्रिपाठी ने एसपी को अपराध नियंत्रण हेतु उठाए जा रहे कदमों तथा थाने को आदर्श थाना बनाने की दिशा में चल रही कार्यवाहियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस निरंतर जमीनी स्तर पर जनता से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास कर रही है।
जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने एसपी का यह निरीक्षण पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश है।






