नसीम खान सांची
सांची — नगर सहित पूरे क्षेत्र में आज ईदुज्जुहा का पर्व धार्मिक श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सांची, गुलगांव, बांसखेड़ा सहित विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदुज्जुहा की नमाज अदा कर देश-दुनिया में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
जानकारी के अनुसार सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोगों का ईदगाहों और मस्जिदों की ओर पहुंचना शुरू हो गया था। सांची की मस्जिद में ईदुज्जुहा की नमाज मौलाना मकसूद साहब ने अदा कराई। नमाज के बाद उन्होंने अल्लाह से देश और दुनिया में शांति, भाईचारा एवं खुशहाली बनाए रखने की दुआ की। साथ ही लोगों को सच्चाई और नेक रास्ते पर चलने की सीख देते हुए सभी के लिए भलाई और रहमत की प्रार्थना की।
नमाज के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
गुलगांव में भी ईदगाह पर बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की, जहां मौलाना इदरीस साहब नदवी ने नमाज अदा कराई। उन्होंने अपनी दुआ में अल्लाह से पूरी दुनिया में शांति, सौहार्द और खुशहाल जीवन की कामना की।
इसके अलावा बांसखेड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में भी ईदुज्जुहा की नमाज अदा की गई तथा परंपरा अनुसार कुर्बानी दी गई। पर्व के दौरान क्षेत्रभर में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
ईदुज्जुहा के पर्व ने क्षेत्र में भाईचारे, प्रेम और आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।





