नसीम खान सांची
साँची
साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ पर सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। विश्वविद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के उद्देश्य से कुलसचिव प्रो. रामनिवास गुप्ता ने परिसर में पौधा रौंपकर कार्यक्रम की शुरुआत की। अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कुलसचिव प्रो. रामनिवास गुप्ता ने कहा कि- “पर्यावरण की रक्षा केवल एक दिन का औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उसकी निरंतर देखभाल करना और उसे एक विशाल वृक्ष के रूप में विकसित करना सभी का नैतिक कर्तव्य है। मैं विश्वविद्यालय के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से यह आह्वान करता हूँ कि वे परिसर में पौधा लगाएं और एक अभिभावक की तरह उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लें।”
परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प
कुलसचिव के इस आह्वान के बाद विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह के साथ परिसर के विभिन्न हिस्सों में पौधारोपण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय को पर्यावरण-अनुकूल (Eco-friendly) बनाने और प्लास्टिक मुक्त परिसर को बढ़ावा देने की बात भी दोहराई गई।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ हरीश कुमार चंद्रवंशी, बौद्ध विभाग के डॉ रमेश रोहित, योग विभागाध्यक्ष डॉ उपेन्द्र बाबू खत्री, उद्यानिकी प्रभारी डॉ अंजली दुबे एवं विभिन्न विभागों से प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का वचन दिया।





