नसीमखान सांची
जलसंवर्धन योजना की पाइपलाइन बिछाने के बाद बनी थी परेशानी, प्रशासन के दबाव के बाद कंपनी ने शुरू कराया डामरीकरण
सांची,,,नगर में जलसंवर्धन योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई सड़क खुदाई के कारण बरसात के मौसम में सर्विस रोडों पर दलदल की स्थिति बन जाती थी। इससे वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब पाइपलाइन के ऊपर डामरीकरण कार्य शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है।
जानकारी के अनुसार अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा नगर में जलापूर्ति व्यवस्था के लिए विभिन्न मार्गों पर पाइपलाइन बिछाई गई थी। खुदाई के बाद सड़कों पर डाली गई मिट्टी बारिश के दौरान कीचड़ और दलदल में बदल जाती थी। परिणामस्वरूप दोपहिया और चारपहिया वाहनों का संचालन कठिन हो जाता था तथा पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया था। ऐसे हालात में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती थी।
स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से इन सड़कों का शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग की जा रही थी। लगातार शिकायतों और स्थानीय प्रशासन के दबाव के बाद कंपनी ने बारिश के बीच ही पाइपलाइन वाले मार्गों पर डामरीकरण का कार्य प्रारंभ किया।
डामरीकरण होने से जहां दलदल और कीचड़ से राहत मिली है, वहीं पाइपलाइन के ऊपर मजबूत सतह बनने से वाहनों के दबाव के कारण पाइपलाइन में बार-बार होने वाले रिसाव और क्षति की संभावना भी कम होने की उम्मीद है। सड़कें अब अधिक साफ-सुथरी दिखाई दे रही हैं तथा दुकानों के सामने वाहन खड़े करने और आवागमन में भी सुविधा होने लगी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों को भी राहत मिली है।
हालांकि कुछ स्थानों पर डामर पूरी तरह समतल नहीं होने से सड़क ऊबड़-खाबड़ दिखाई दे रही है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन का कहना है कि जहां भी गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाएगी, वहां कंपनी से आवश्यक सुधार कराया जाएगा।
बरसात के बीच शुरू हुआ डामरीकरण कार्य नगरवासियों के लिए राहत लेकर आया है। अब लोगों की अपेक्षा है कि शेष मार्गों पर भी गुणवत्तापूर्ण कार्य शीघ्र पूरा कराकर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।





