नसीमखान सांची
अमृत भारत योजना के तहत लगभग 15.32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार स्टेशन में पर्यटकों व यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार
सांची,,, विश्व प्रसिद्ध बौद्ध पर्यटन एवं ऐतिहासिक नगरी सांची को आज एक और महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 15.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त सांची रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रेलवे के महाप्रबंधक, क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास सांची की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए किया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार को भगवान बुद्ध की आकर्षक कलाकृतियों एवं बौद्ध स्थापत्य शैली से सजाया गया है, जो स्टेशन को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 एवं 2 का भी आधुनिक स्वरूप में विकास किया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर स्वचालित ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) स्थापित की गई है, जिससे बिना लंबी कतार में लगे टिकट प्राप्त किए जा सकेंगे। इसके अलावा दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन हेतु लिफ्ट की व्यवस्था की गई है।
स्टेशन परिसर में शुद्ध पेयजल, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक रंगीन एलईडी लाइटिंग, स्वच्छता, डिजिटल सूचना प्रणाली, समय-सारिणी प्रदर्शन तथा सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी विकसित की गई हैं। इन सुविधाओं से यात्रियों को अधिक सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि आधुनिक स्वरूप में विकसित यह रेलवे स्टेशन सांची की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिसका सकारात्मक प्रभाव स्थानीय व्यापार, पर्यटन एवं रोजगार के अवसरों पर भी पड़ेगा।
आधुनिक सुविधाओं और ऐतिहासिक सौंदर्य का संगम बना सांची रेलवे स्टेशन पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।





