कलेक्टर श्री दुबे की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति और जिला निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न
रायसेन, नसीम खान संपादक
जिला परामर्शदात्री समिति और जिला निगरानी समिति की तिमाही बैठक कलेक्टर श्री अरविंद दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री दुबे द्वारा जिले के बैंकों के बैंकिंग पैरामीटर्स, जिला वार्षिक साख योजना 2022-23 लक्ष्य प्राप्ति तथा विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने बैंकवार योजनाओं के लक्ष्य तथा प्राप्ति के बारे में जानकारी लेते हुए एलडीएम, बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि शासन की विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के अधिक से अधिक प्रकरण स्वीकृत करते हुए हितग्राहियों को राशि वितरित की जाए, जिससे कि वह अपना रोजगार प्रारंभ कर सकें।
कलेक्टर श्री दुबे ने बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, स्व-सहायता समूहों की प्रगति, पथ विक्रेता योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य और पशु पालकों को क्रेडिट कार्ड वितरण, सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों सहित अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने एलडीएम तथा बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना में पात्र महिला का बैंक खाता आधार से लिंक और डीबीटी इनेवल्ड होना जरूरी है। इसके लिए बैंक में अलग से काउंटर स्थापित किया जाए, जिससे कि कार्य सुगमता से संपादित किया जा सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के क्षेत्रीय प्रमुख श्री बीआरआर नायक, एलडीएम श्री एचएस सोनी सहित अनेक बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






