नसीम खान
रायसेन,
जिला परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) की बैठक कलेक्टर श्री अरविंद दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गत दिवस सम्पन्न हुई। जिसमें कलेक्टर श्री दुबे द्वारा जिले की वार्षिक साख योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने शासकीय ऋण योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि समस्त शासकीय योजनाओं में लंबित प्रकरणों का वितरण बैंक एक सप्ताह के अंदर सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री दुबे ने बैंकों को जन सुरक्षा अभियान एवं मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के निर्देश भी दिये। बैठक में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भोपाल क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री राजीव रंजन सिन्हा ने समस्त बैंकर्स को शासकीय ऋण योजनाओं के लक्ष्य दिसंबर माह में ही पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि श्री मयंक सेमवाल एवं डीडीएम नाबार्ड श्री दीपक पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। अग्रणी जिला प्रबंधक श्री एचएस सोनी ने सितंबर तिमाही की रिपोर्ट प्रस्तुत की।






