नसीम खान
सांची,,,विश्व प्रसिद्ध सांची स्तूप की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए सांची उपडाकघर को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। भारत सरकार के डाकघर आधुनिकीकरण अभियान के तहत Look & Feel Improvement के अंतर्गत निर्धारित डिजाइन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपडाकघर का कायाकल्प किया गया है। सोमवार को इसका वर्चुअल लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी सहित वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उपडाकघर के आधुनिकीकरण में नागरिकों की सुविधा, सुगम आवागमन, बेहतर कार्यप्रवाह और आधुनिक सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है। यहां जन सेवा कनेक्ट के माध्यम से आम नागरिकों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। परिसर में पेयजल और मोबाइल चार्जिंग जैसी सार्वजनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके साथ ही DIGIPIN एवं PIN Code आधारित नई पहचान व्यवस्था को भी महत्व दिया गया है, जिससे डाकघर की पहचान एवं नेविगेशन आसान हो सके। भवन के बाहरी हिस्से में आकर्षक साइनेज, सुविधाजनक प्रवेश व्यवस्था, आधुनिक सेवा काउंटर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुव्यवस्थित आंतरिक वातावरण तैयार किया गया है। दिव्यांगजनों के लिए बाधामुक्त पहुंच की व्यवस्था के साथ परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
सांची उपडाकघर का आधुनिकीकरण केवल भवन के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक एवं नागरिक-केंद्रित जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां स्पीड पोस्ट, डाक बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, आधार, पार्सल सहित विभिन्न डाक एवं वित्तीय सेवाएं अधिक सुविधाजनक ढंग से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
सांची की विश्व ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह उपडाकघर अब विरासत और आधुनिक जनसेवा के संगम का नया उदाहरण बनकर सामने आया है।





