नसीम खान
सांची। काछीकानाखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने तत्परता से खुलासा करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए हनुमानजी के आभूषण, मुखौटा, आंखें और भौहें सहित अन्य सामग्री बरामद की है। बरामद मशरूका की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 22-23 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात आरोपी काछीकानाखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर में घुस गया और वहां से भगवान की मूर्ति पर लगे आभूषण, मुखौटा, आंखें, तिलक एवं भौहें चोरी कर ले गया। 25 अक्टूबर को मंदिर के पुजारी नारायण प्रसाद शर्मा मंदिर पहुंचे तो चोरी की घटना सामने आई। मंदिर से भगवान के आभूषण गायब देखकर वे स्तब्ध रह गए। उन्होंने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी और थाना सांची पहुंचकर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने गठित की टीम, शुरू की जांच
मंदिर में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(डी) के तहत मामला कायम किया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा तलया के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने काछीकानाखेड़ा निवासी पंकज मेहरा (26), पिता नंदराम मेहरा, को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
चोरी की घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील लोधी, सचिन शर्मा, तुलाराम एवं सुरेश गोहे, आरक्षक सौरभ रघुवंशी एवं योगेश रघुवंशी तथा चालक सहायक उपनिरीक्षक संजय कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।





