नसीमखान सांची
सांची,,,सांची थाना क्षेत्र में किसान से लूट की वारदात करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, मोबाइल, पर्स तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार फरियादी पप्पू लोधी (42) निवासी माता सेमरा, जिला विदिशा अपने साथी जागेश्वर लोधी के साथ भोपाल से विदिशा जा रहे थे। बुधवार देर रात लगभग 11:15 बजे उदयगिरि रोड स्थित ग्राम मढ़ा के पास दोनों शौच व बीड़ी पीने के लिए रुके। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों को पीछे से पकड़ लिया।
आरोपियों ने पप्पू लोधी से तीन हजार रुपये, आधार कार्ड तथा जागेश्वर लोधी से एक हजार रुपये, मोबाइल फोन, पर्स, कृषि केंद्र की रसीद और उनकी पत्नी का एटीएम कार्ड लूट लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सांची थाना पुलिस ने फरियादियों द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी की और कुछ ही समय में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ितों द्वारा पहचान किए जाने पर आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 171/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत मामला कायम किया। आरोपियों के कब्जे से 3,900 रुपये नकद, मोबाइल फोन, पर्स तथा लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में केशव राजपूत (20) निवासी सुनपुरा, निखिल सेन (24) निवासी मोहनगिरि तथा आकाश वाल्मीकि (20) निवासी सुनपुरा, जिला विदिशा शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा, उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल लूट का शीघ्र खुलासा हुआ, बल्कि आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ।




