नसीम खान
सांची,,,,मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सांची विकासखंड के ग्राम गुदरई में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी एवं कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।शिविर में विधायक डॉ चौधरी एवं कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों का भी निराकरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आमजन की समस्याओं के शीघ्र निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित कर रही है।
शिविर में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए।
शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। विधायक एवं कलेक्टर ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





