नसीम खान
रायसेन,
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता ने बरेली तहसील के प्रसिद्ध छींद मंदिर पहुंचकर दशहरा पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी ली और दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत कलेक्टर श्री सिसोनिया ने बरेली पहुंचकर एसडीएम कार्यालय एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित कार्यों का जायजा लेते हुए उपस्थित नागरिकों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और लंबित आवेदनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बरेली एसडीएम तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





