नसीम खान
सांची,,, नगर में पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान बंद कर दिए जाने से वाहन चालक बेलगाम हो गए हैं। पहले नियमित चेकिंग से चालकों में पुलिस का भय रहता था और वे सतर्क रहते थे, परंतु अब चेकिंग न होने से सड़कों पर वाहन अंधी रफ्तार से दौड़ते नजर आ रहे हैं ।
गर के मुख्य मार्गों सहित अंदरूनी सड़कों पर छोटे-बड़े अनगिनत वाहन तेज गति से दौड़ते देखे जा सकते हैं। पुलिस का खौफ खत्म हो जाने से यह पता लगाना मुश्किल हो गया है कि कौन से वाहन वैध हैं और कौन से अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं।
नाबालिग भी चला रहे दुपहिया वाहन
चेकिंग बंद होने का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि नगर में नाबालिग बच्चे भी खुलेआम दुपहिया वाहन दौड़ाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बिना हेलमेट, बिना नंबर और तेज रफ्तार वाहनों की भरमार है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमित चेकिंग होती तो अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों की पहचान हो पाती, लेकिन पुलिस ने वाहन चेकिंग से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया है। पुलिस की इस उदासीनता के चलते यातायात नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है और वाहन चालक पूरी तरह बेफिक्र हो चुके हैं।
नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक से सांची नगर में पुनः सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू करने की मांग की है।





