नसीमखान सांची
सांची,,, क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार तड़के अज्ञात चोर एक घर के पीछे बंधी भैंस को पिकअप वाहन में भरकर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और पिकअप सहित भैंस को बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार काछी कानाखेड़ा निवासी डालचंद पिता बालमुकुंद कुशवाहा (32) ने गुरुवार सुबह करीब चार बजे सूचना दी कि उनके घर के पीछे भैंस और उसका बछड़ा बंधा था। सुबह उठकर देखने पर भैंस गायब मिली। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि कुछ लोग भैंस को पिकअप वाहन में भरकर ले जा रहे हैं। उन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी तथा उसके भांजे को साथ लेकर पिकअप का पीछा किया। ग्राम मेहगांव के समीप हाईवे पर पुलिया के पास गड्ढे के कारण पिकअप वाहन असंतुलित होकर पुलिया से टकरा गया। पुलिस को आता देख आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने पिकअप क्रमांक एमपी-04-जीए-5590 को जब्त कर उसमें लदी भैंस को सुरक्षित बरामद कर लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सांची में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत धारा 305 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।





