नसीमखान सांची
सांची,,,सांची थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा करार में कथित रूप से देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियों की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के नाम आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियों के कारण गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा युवाओं पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने आवेदन में कहा है कि गांव में बाहर से कुछ महिलाएं आकर अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें अपना रिश्तेदार बताते हुए उनका पक्ष लिया। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इससे पहले ग्राम सरपंच द्वारा भी इसी संबंध में थाना प्रभारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। इस बार दिए गए आवेदन में शिकायत से जुड़े कुछ व्यक्तियों के नाम भी उल्लेखित किए गए हैं।
आवेदन सौंपने वालों में रविशंकर, राजकुमार, विशाल, जतिन, गंगाराम, सुदीप, मनीषा सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।
थाना प्रभारी आर.बी. शर्मा ने बताया, “पहले भी आवेदन प्राप्त हुआ था और आज भी आवेदन मिला है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायतों की पुष्टि के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





