नसीमखान सांची, रायसेन
सांची,,,विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी सांची में बारिश शुरू होते ही आवारा पशुओं की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गई है। नगर के प्रमुख बाजारों और बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में घूम रहे आवारा मवेशियों के कारण व्यापारियों और आम नागरिकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार नगर में लंबे समय से आवारा पशुओं का जमावड़ा बना हुआ है। ये पशु दिनभर दुकानों के सामने खड़े रहते हैं और जब आपस में भिड़ जाते हैं तो दुकानों में घुस जाते हैं। इससे दुकानदारों को अपनी सुरक्षा के लिए दुकान छोड़कर भागना पड़ता है और सामान भी क्षतिग्रस्त हो जाता है।
ऐसी ही घटना सोमवार को बस स्टैंड परिसर में सामने आई, जब दो सांड आपस में लड़ते हुए दुकानों में घुस गए। इस दौरान महेश की दुकान में रखा शोकेस टूट गया, वहीं पास स्थित देवेंद्र तिवारी की दुकान में भी नुकसान पहुंचा। व्यापारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से नगर परिषद को विभिन्न कर एवं शुल्क का भुगतान करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण नहीं मिल पा रहा है।
व्यापारियों का यह भी कहना है कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में गौशालाओं के निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, लेकिन आवारा पशुओं का प्रभावी प्रबंधन नहीं होने से उनका लाभ जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। साप्ताहिक हाट-बाजार के दौरान भी आवारा पशुओं के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में कई बार सांडों के हमले से लोग घायल भी हो चुके हैं, फिर भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। अब आवारा पशुओं के साथ-साथ आवारा घोड़े भी सड़कों पर दिखाई देने लगे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है
नगर के व्यापारियों और नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि पर्यटन नगरी की व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।इस मामले में इनका कहना है।। हमनें पशुओं को सडको से हटाने के लिए एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई है फिर भी हम दिखवा लेते है एवं पशुओं को गौशाला भिजवाने की व्यवस्था करते है।रामलाल कुशवाहा सीएमओ नप सांची






