नसीमखान सांची
सांची,,,
सांची रामलीला में आज श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले के दहन को देखने के लिए रामलीला मैदान सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला देखने पहुंचे।
आज की लीला में नारायणटक वध, भगवान श्रीराम और रावण के बीच भयावह युद्ध, रावण वध तथा विभीषण राज्याभिषेक का सजीव और भावनात्मक मंचन किया गया। जैसे ही युद्ध दृश्य प्रारंभ हुआ, पूरा नगर “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। भारी आतिशबाजी के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
आज हाट बाजार का दिन होने से भी दर्शकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। रामलीला मैदान में इतनी भीड़ रही कि पांव रखने तक की जगह नहीं बची।
रामलीला आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए नगरवासियों के सहयोग के साथ-साथ पुलिस प्रशासन एवं नगर परिषद प्रशासन का आभार व्यक्त किया। समिति ने बताया कि भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं स्वच्छता को लेकर सभी विभागों का सराहनीय सहयोग रहा।
आयोजन समिति के अनुसार शुक्रवार को भगवान श्रीराम का भव्य राज्याभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर नगर भर में भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ सांची की रामलीला ने आस्था और परंपरा की अनुपम छवि प्रस्तुत की।






