नसीमखान सांची, रायसेन
रायसेन,
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा संकल्प से समाधान अभियान, विभागीय गतिविधियों तथा योजनाओं एवं सीएम हेल्पलाईन की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने संकल्प से समाधान अभियान के तहत जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में शिविरों के आयोजन और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ से शिविरों में उपस्थिति की जानकारी ली। उदयपुरा जनपद सीईओ को संकल्प से समाधान शिविरों में उपस्थित नहीं रहने तथा आवेदनों का निराकरण नहीं कराने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग की सहायक संचालक श्रीमती संगीता जायसवाल को बैठकों में उपस्थित नहीं रहने तथा सीएम हेल्पलाईन निराकरण में गंभीरता नहीं दिखाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी अधिकारियों को शिविरों में उपस्थित रहने तथा प्राथमिकता से आवेदनों को निराकृत कराने के निर्देश देते हुए कहा कि संकल्प से समाधान अभियान नागरिकों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारी इसके सफल क्रियान्वयन हेतु गंभीरत से कार्य करें। बैठक में जानकारी दी गई कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत विकासखण्ड बाड़ी में आयोजित शिविरों में अभी तक प्राप्त 4494 आवेदनों में से 4024 आवेदन निराकृत हो गए हैं। इसी प्रकार सिलवानी विकासखण्ड में आयोजित शिविरों में प्राप्त 2899 आवेदनों में से 2431 आवेदन, औबेदुल्लागंज विकासखण्ड अंतर्गत प्राप्त 1923 आवेदनों में से 1312 आवेदन, गैरतगंज विकासखण्ड अंतर्गत प्राप्त 1213 आवेदनों में से 722 आवेदन निराकृत हो गए हैं। रायसेन क्षेत्र में आयोजित शिविरों में अभी तक प्राप्त 867 आवेदनों में से 826 आवेदन, बरेली क्षेत्र में आयोजित शिविरों में प्राप्त 689 आवेदनों में से सभी 689 आवेदन निराकृत हो गए हैं।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान ई-कूपन प्रणाली के तहत उर्वरक वितरण, जैविक खेती के कलस्टर विकसित करने संबंधी कार्यो की प्रगति की जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए अभी से प्रयास शुरू किए जाएं। किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए वैकल्पिक उपायों के लिए प्रेरित करें। जे-फार्म एप पर हार्वेस्टर सहित अन्य उपकरणों को रजिस्टर्ड कराएं। साथ ही हैप्पी सीडर, सुपर सीडर सहित अन्य उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा दें। उन्होंने एसडीएम तथा कृषि अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना स्ट्रामेनेजमेंट के हार्वेस्टर चलाने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने एक बगिया मॉ के नाम परियोजना की समीक्षा के दौरान सभी जनपद सीईओ को फलोद्यान बगिया का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा सभी पौधे जीवित रहें। इसी प्रकार महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान फूड बॉस्केट वितरण की समीक्षा करते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान सभी सीएमओ को अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करने, गीता भवन हेतु भूमि चिन्हित करने, पीएम आवास योजना तहत आवासों को पूर्ण कराने तथा आवासीय पट्टा वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सीएम हेल्पलाईन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाईन निराकरण में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाईन प्राप्त होते ही नियमानुसार निराकरण की कार्यवाही की जाए। कोई भी शिकायत अधिक समयावधि तक लंबित ना रहे। उन्होंने कृषि विभाग, खाद्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि की कुछ शिकायतें नॉन अटेन्डेन्ट रहने पर नाराजगी व्यक्त कर संबंधितों को गंभीरतापूर्वक कार्य करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय तथा अनेक विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अनुभागों से एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाईन निराकरण में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानितटीएल बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा द्वारा बेगमगंज जनपद पंचायत सीईओ श्री कुलदीप पटेल, तहसीलदार सुल्तानपुर श्री सुनील शर्मा, तहसीलदार सिलवानी श्री सुधीर शुक्ला, तहसीलदार गैरतगंज श्री नरेश सिंह राजपूत, तहसीलदार बेगमगंज श्री प्रमोद कुमार उईके, जिला प्रबंधक एमपीएससीएससी श्री राजू कातुलकर, बाड़ी जनपद सीईओ श्री दानीश अहमद खान, औबेदुल्लागंज जनपद सीईओ श्री निखिलेश कटारे, जनपद सीईओ सांची तथा गैरतगंज श्री शंकर पान्से, जनपद सीईओ बेगमगंज तथा सिलवानी नीलम रायकवार, सीएमओ रायसेन सुश्री सुरेखा जाटव, सीएमओ गैरतगंज श्री सुधीर उपाध्याय, सीएमओ बेगमगंज श्री राजेन्द्र शर्मा, पीएचई विभाग के एई बाड़ी श्री श्याम कुमार डोले, जल निगम डिप्टी मैनेजर श्री आदित्य शर्मा, बीएमओ उदयपुरा डॉ महेन्द्र सिंह धाकड़, सीडीपीओ उदयपुरा खुशबू अग्रवाल, सीडीपीओ बेगमगंज श्री रामकुमार सोनी, जेई रायसेन रूरल श्री संजय कुमार पटेल तथा जेई सलामतपुर मनीष कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।






