नसीमखान सांची, रायसेन
रायसेन,
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा विभागीय गतिविधियों, अभियानों तथा सीएम हेल्पलाईन सहित विभिन्न योजनाओं की साप्ताहिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाईन की जनवरी माह की ग्रेडिंग में रायसेन जिला पुनः प्रदेश में पहले स्थान पर है, इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें निराकरण हेतु शेष हैं, उनका भी शीघ्र निराकरण कराएं। साथ ही 50 दिवस से अधिक समयावधि वाली शिकायतों को भी प्राथमिकता से निराकृत कराना है। बैठक में सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाईन में प्राप्त कोई भी शिकायत नॉन अटेन्डेन्ट ना रहे, शिकायत प्राप्त होते ही निराकरण की कार्यवाही की जाए और की जा रही कार्यवाही पोर्टल पर भी दर्ज कराएं। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय सीमा वाले आवेदनों का भी समयावधि में निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश सभी एसडीएम, जनपद सीईओ तथा संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों को तेजी से निराकृत कराएं। आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का तीन माह की अवधि के पहले ही निराकरण सुनिश्चित कराएं। एसडीएम स्वयं तहसील स्तर पर निराकरण की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने सभी एसडीएम को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कई तहसीलों में राजस्व वसूली लक्ष्य के विरूद्ध बेहद कम हैं। इसके साथ ही फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने के लिए कहा। वन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने उपखण्ड स्तरीय अधिकार समिति के पास लंबित दावों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण कराने हेतु सभी एसडीएम को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन विभाग से अनुमतियां लेना शेष है तो शीघ्र कार्यवाही पूर्ण कराएं। इसके अतिरिक्त ग्राम वनाधिकार समिति के पास लंबित दावों का भी निराकरण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना अंतर्गत विधानसभा स्तर पर चयनित किए गए ग्रामों में विकास कार्यो हेतु पांच वर्षो की डीपीआर बनाए जाने की जानकारी लेते हुए शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की जनपदवार समीक्षा की। उन्होंने एक बगिया मॉ के नाम परियोजना की समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि परियोजना के तहत रोपित किए गए पौधे जीवित रहें, यह सुनिश्चित कराएं। इसके अतिरिक्त धरती आबा अभियान के तहत चिन्हित ग्रामों किए जा रहे कार्यो की भी जानकारी लेते हुए शीघ्र पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वच्छता परिसरों तथा ग्राम पंचायत भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी से मॉनीटरिंग के लिए कहा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने एकल नलजल योजनाओं की जानकारी लेते हुए प्रगतिरत योजनाओं का कार्य समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार समूह नलजल योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की समस्या ना हो, इसके लिए अभी से कार्ययोजना बनाएं। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने पीएम श्रमयोगी मानधन योजना में पंजीयन की जानकारी लेते हुए पीओ डूडा तथा सभी सीएमओ को निर्देश दिए कि असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों को योजना से जोड़ा जाए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, सहायक कलेक्टर श्री कुलदीप पटेल तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्डों से एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।





