नसीमखान
टीएल बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने की सीएम हेल्पलाईन तथा विभागीय गतिविधियों की समीक्षा
शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी हुए सम्मानित
रायसेन,
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा सीएम हेल्पलाईन, विभागीय गतिविधियों और शसकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण में प्रदेश में पहले स्थान पर रहने पर सभी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जब हम बेहतर कार्य करते हैं तो जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो शिकायतें शेष हैं तथा नवीन प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी यथाशीघ्र संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित कराएं। सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विभागवार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयावधि में संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराएं। कोई भी शिकायत निम्न गुणवत्ता से निराकृत या बंद ना हो। उन्होंने 50 दिवस से अधिक समयावधि की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिला अधिकारियों को प्राथमिकता से उनका निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार 100 दिवस से अधिक समयावधि की शिकायतों की भी समीक्षा कर अधिकारियों को अभियान के रूप में शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन शिकायतों के निराकरण की प्रगति की मॉनीटरिंग की जाए। बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने नॉन अटेन्डेन्ट शिकायतों की जानकारी लेते हुए खाद्य विभाग, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग आदि विभागों की शिकायतें नॉन अटेन्डेन्ट रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह स्वयं गंभीरतापूर्वक शिकायतों को देखें तथा निराकरण कराएं।
बैठक में विभागीय गतिविधियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदारों को सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, भू-अभिलेख दुरूस्ती आदि प्रकरणों का समयावधि में निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 15 दिवस में सीमांकन के अधिकाधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित कराएं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने पीओ डूडा तथा सभी सीएमओ को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों द्वारा किस्त की राशि का उपयोग आवास निर्माण में ही किया जाए, यह सुनिश्चित कराएं।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ को निर्देश दिए कि एएनसी पंजीयन के विरूद्ध शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराएं। उन्होंने टीकाकरण, प्रसूति सहायता योजना, आयुष्मान योजना आदि की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिले। इसी प्रकार शिक्षा विभाग और अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं अंतर्गत विद्यार्थियों को राशि भुगतान की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि शासकीय स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाएं। साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी को पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाए। महिला बाल विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों की प्रगति की समीक्षा कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिला परिवहन अधिकारी को स्कूल और कॉलेज की बसों की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से सभी एसडीएम को भी इसकी मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध उत्खनन और परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार वन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध रूप से पेड़ों की कटाई तथा वन भूमि पर अवैध उत्खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग अंतर्गत जिले में उर्वरक की उपलब्धता, गेहूॅ उपार्जन का भुगतान, समर्थन मूल्य पर तुअर विक्रय हेतु पंजीयन तथा अभी तक उपार्जन की मात्रा की जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्रीमती श्वेता पवार, डिप्टी कलेक्टर, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अनुभागों से एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।
शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी हुए सम्मानितकलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा द्वारा सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने पर श्री मनीष कुमार अहिरवार ऊर्जा विभाग, श्री ऋषिकांत यादव नगर परिषद सिलवानी, श्री सुधीर उपाध्याय नगर परिषद गैरतगंज, श्री दानीश अहमद खान जनपद सीईओ बाड़ी, श्री प्रेम कुमार अहिरवार खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सिलवानी, श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास्तव खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बेगमगंज, श्री श्याम कुमार डोले लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग गैरतगंज, श्री भूरेलाल शाक्या ऊर्जा विभाग वितरण केन्द्र सिलवानी तथा श्री शैलेष पटेल ऊर्जा विभाग वितरण केन्द्र गैरतगंज को सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।






