नसीमखान
रायसेन,
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2025 मौसम की फसलों से जुड़े हुए अप्रत्याशित या प्रतिकूल मौसम जोखिमों की वजह से होने वाले नुकसान की भरपाई फसल बीमा के माध्यम से की जा सकती है। कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार जिले के किसानों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने तथा फसल बीमा योजना के लाभ के प्रचार-प्रसार हेतु उप संचालक कृषि श्री दुष्यंत धाकड़ द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर एडीओ श्री एससी सोलंकी, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कम्पनी के जिला प्रतिनिधि श्री विनय यादव, श्री अंकित बरसैया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत रायसेन जिले की सभी तहसीलों में 03 जून से 12 जून 2025 तक फसल बीमा की जानकारी प्रदान कर किसानों को फसल बीमा के लिए प्रेरित किया जाएगा। ऋणी एवं गैर ऋणी किसान अधिसूचित क्षेत्र में अधिसूचित की गई फसलों के बीमा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए इच्छुक गैर ऋण किसान भूमि स्वामित्व दस्तावेज अधिकार का रिकार्ड आरओआर या बही, आधारकार्ड, बैंक पासबुक और फसल बुआई प्रमाण पत्र आदि आवश्यक दस्तावेज सीएससी केन्द्र, पीएमएफबीवाई पोर्टल, इंश्योरेंस कम्पनी के माध्यम से फसल बीमा करा सकते हैं। फसल बीमा से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाईन नम्बर 14447 पर सम्पर्क किया जा सकता है।






