नसीमखान
“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम पर होगा कार्यक्रम
सांची,, शासन के निर्देशानुसार आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सांची स्थित ऐतिहासिक स्तूप परिसर में वृहद सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की थीम पर आधारित होगा।
इस कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड और पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इसमें शासकीय व अशासकीय विद्यालयों के छात्र, सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, तथा सभी सामाजिक वर्गों के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम स्थल
योग कार्यक्रम सांची के स्तूप क्रमांक-1 के समीप प्रातः 7:00 बजे से 7:45 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन स्थल पर लाइट एंड साउंड क्षेत्र मे विशेष व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे ऐतिहासिक महत्व के साथ योग की संस्कृति को जोड़ा जा सके।
प्रशिक्षण और व्यवस्थाएं
इस अवसर पर अनुभवी योग प्रशिक्षक भी उपस्थित रहेंगे जो प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराएंगे। कार्यक्रम में ध्वनि विस्तारक यंत्र, विद्युत व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रबंध भी किए जाएंगे।
व्यापक सहभागिता की अपील
शासन ने इस कार्यक्रम में सभी नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें जनप्रतिनिधि, नगरीय निकाय, तथा ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी। आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं और तैयारियां जोरों पर हैं।






