नसीमखान
सांची। क्षेत्र में वन्य जीवों की बढ़ती सक्रियता अब आम जनजीवन के लिए खतरा बनती जा रही है। सोमवार सुबह पग्नेश्वर गांव के पास स्थित करारिया टोला में तेंदुए ने एक ग्रामीण पर उस वक्त हमला कर दिया जब वह जंगल की ओर शौच के लिए गया था।
घायल अर्जुन सिंह (40) के साथ उसका पालतू कुत्ता भी था, जिसने तेंदुए पर झपटकर अपने मालिक को बचाने का प्रयास किया। कुत्ते की बहादुरी के बावजूद अर्जुन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल रायसेन जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल अर्जुन सिंह ने बताया, “मैं शौच के लिए गया था कि तभी अचानक तेंदुए ने मुझ पर हमला कर दिया, जिससे मैं घायल हो गया।”
सूचना मिलने पर सांची पुलिस व वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू की गई।
वन विभाग के रेंज अधिकारी प्रवेश पाटीदार ने बताया, “घटना की जानकारी मिलते ही हमारी टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है।”
गौरतलब है कि हाल ही में दीवानगंज क्षेत्र के नरखेड़ा गांव की पहाड़ी पर शेर जैसे वन्य जीवों के देखे जाने की पुष्टि हुई थी। लगातार बढ़ रही वन्य जीवों की आवाजाही अब रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






