नसीमखान
सांची,,
नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत आज सेंट जेवियर स्कूल परिसर में विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को समाज में व्याप्त नशे के दुष्प्रभावों से लड़ने और नशामुक्त समाज निर्माण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सांची थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी, स्कूल के प्रबंधक फादर जोसेफ अरिकट, प्राचार्या सिस्टर लूसी, स्कूल कैबिनेट सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी श्री त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने मित्रों, परिजनों और समुदाय को नशा न करने के लिए प्रेरित करें और इस अभियान में भागीदारी निभाकर समाज को एक नई दिशा दें।
विद्यालय के प्रबंधक फादर अरिकट ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे के विरुद्ध जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अपनी पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए।
शपथ ग्रहण के पश्चात छात्रों ने नशा मुक्ति विषय पर अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें चित्रकला, भाषण, एवं समूह गीत शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया।






