नसीमखान
सांची,,नगर में बुधवार से डिजिटल बारकोड डोर नंबर प्लेट लगाने का अभियान शुरू किया जा रहा है। इस पहल के तहत नगर के सभी मकानों एवं होटलों पर डिजिटल बारकोड डोर नंबर प्लेट लगाई जाएगी।
इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में किया गया। परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने कर्मचारियों की उपस्थिति में डिजिटल बारकोड डोर नंबर प्लेट का विमोचन किया। अधिकारियों ने बताया कि इस बारकोड प्लेट में मकान मालिक की पूरी जानकारी दर्ज होगी। साथ ही, नगर परिषद को चुकाए जाने वाले कर (टैक्स) की जानकारी भी बारकोड स्कैन करने पर तत्काल मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएगी।
इस सुविधा से अब मकान मालिक या दुकानदार को टैक्स जमा करने के लिए नगर परिषद कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। घर या कहीं से भी बारकोड स्कैन कर ऑनलाइन कर भुगतान आसानी से किया जा सकेगा।
डिजिटल युग की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजधानी भोपाल के बाद अब सांची नगर में भी इस आधुनिक व्यवस्था की शुरुआत हो रही है। नगर में लगभग ढाई हजार मकानों एवं दुकानों पर कंपनी संस्था द्वारा क्रमशः डिजिटल बारकोड डोर नंबर प्लेट लगाई जाएगी।
नगर परिषद का मानना है कि इस प्रणाली से कर संग्रह में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी। साथ ही नागरिकों को सुविधाजनक, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली व्यवस्था का लाभ मिलेगा।






