नसीमखान सांची
सांची,,, क्षेत्र में आज दोपहर बाद अचानक आसमान पर काले बादल छा जाने से मौसम ने फिर करवट ले ली। बादलों की घनघोर उपस्थिति से बारिश की संभावना बढ़ गई है, जिससे किसानों की चिंता एक बार फिर गहरा गई है।
दीपावली पर्व के बाद से ही किसानों ने खेतों में तैयार खड़ी धान फसल की कटाई की तैयारी शुरू कर दी थी। परंतु अचानक मौसम में आए इस बदलाव ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है। किसानों का कहना है कि खेतों में पककर तैयार धान खड़ी है और कटाई शुरू हो चुकी है। ऐसे में यदि बारिश होती है तो खेतों में पानी भर जाने से हार्वेस्टर मशीनें नहीं पहुंच पाएंगी, जिससे फसल कटाई प्रभावित होगी और नुकसान की आशंका बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और गहरा गई है। अब किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम के साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं।






