नसीमखान सांची
स्तूप परिसर से महाबोधि सोसायटी तक पूजा-अर्चना, निशुल्क भोजन और सेवा कार्यों में जुटा जनसमूह.
सांची,,,
बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर ऐतिहासिक नगरी सांची में श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिकता का भव्य संगम देखने को मिला। स्तूप परिसर स्थित बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में पर्यटकों के लिए शीतल पेय की व्यवस्था की गई, वहीं श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार एवं भोजन भी वितरित किया गया। महाबोधि सोसायटी में भी पूजा-अर्चना के उपरांत निशुल्क भोजन एवं शीतल पेय का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि मानव सेवा के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी भोजन की व्यवस्था की गई, जो करुणा और सह-अस्तित्व का संदेश देता नजर आया।
इस दौरान जिला कलेक्टर अरविंद कुमार विश्वकर्मा एवं एसडीएम मनीष शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बौद्ध मंदिर परिसर में पहुंचकर भगवान बुद्ध के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा श्रीलंका सोसायटी प्रभारी वानगल विमल तिस्स थैरो से भेंट की।
पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
बुद्ध पूर्णिमा पर सांची ने एक बार फिर आस्था, सेवा और करुणा का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया।





