नसीम खान संपादक
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने लगभग 24 लाख रू के विकास कार्यो का किया भूमिपूजन तथा लोकार्पण
रायसेन,
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा सांची विधानसभा के ग्राम वनखेड़ी में 6.41 लाख रुपए लागत के ग्रेवल रोड तथा ग्राम नरवर में 9.87 लाख रुपए लागत के ग्रेवल रोड का भूमिपूजन किया गया। साथ ही टेकापार में 7.55 लाख रुपए लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा वनोपज से होने वाली आय की राशि का उपयोग गांवों में अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों में किया जा रहा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित भोपाल के माध्यम से तेन्दूपत्ता व्यापार के शुद्ध आय की 15 प्रतिशत की अधोसंरचना विकास कार्यों के अंतर्गत इन ग्रेवल रोड का निर्माण कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गांवों के चहुँमुखी विकास के लिए लगातार विकास के कार्य किए जा रहे हैं। आज यहां सड़कों का भूमिपूजन किया गया है, इनके बन जाने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी और विकास को भी गति मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली बहना योजना बनाकर तय किया कि पात्र महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने एक हजार रू पहुंचें। महिला सशक्तिकरण और आर्थिक समृद्धि की दिशा में यह महत्वपूर्ण योजना है। सभी पात्र महिलाएं आवेदन जरूर भरें। पात्र महिलाओं के बैंक खाते में 10 जून से एक-एक हजार रू प्रतिमाह आना शुरू हो जाएंगे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, पंचायत सचिव को भी निर्देश दिए कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से छूटे नहीं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटी पढ़ाओ योजना, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सहित अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही आजीविका मिशन, स्व-सहायता समूहों के माध्यम से भी महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। खाद-बीज, कृषि यंत्रों की खरीद पर सब्सिडी दी जा रही है। प्रदेश में सिंचाई के रकबे में भी लगातार वृद्धि की जा रही है तथा बिजली की सतत् आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही हैं। सिंचाई के रकबे में वृद्धि होने के साथ ही सिंचाई हेतु पर्याप्त बिजली मिलने से फसल उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत हर साल 10 हजार रू की राशि प्रदान की जा रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित थे।
इन कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा ग्राम वनखेड़ी में लघु वनोपज संघ के माध्यम से 6.41 लाख रू लागत से बनने वाले 750 मीटर ग्रेवल रोड तथा ग्राम नरवर में आयोजित कार्यक्रम में नरवर बांस प्लांटेशन एवं बांस प्लांटेशन आरएफ 395 से ग्राम मोतियाखेड़ा की ओर 9.87 लाख रू की लागत से बनने वाले 1160 मीटर लम्बे ग्रेवल रोड का भूमिपूजन किया गया। उन्होंने टेकापार गैरतगंज में लघु वनोपज संघ के माध्यम से टेकापार में 7.55 लाख रू की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया।






