नसीम खान संपादक
टीएल बैठक में कलेक्टर श्री दुबे ने की सीएम हेल्पलाईन तथा शासकीय गतिविधियों की समीक्षा
रायसेन,
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरविंद दुबे द्वारा विभिन्न विभागों के समय सीमा वाले विभागीय पत्रों तथा सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने विभागवार सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री दुबे ने कहा कि 25 जुलाई से लाड़ली बहना योजना के आवेदन पुनः भरे जाने हैं, इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। शासन के नवीन निर्देशों के तहत 21 वर्ष की आयु पूर्ण चुकी तथा 60 वर्ष से कम आयु की महिला भी लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने के लिए पात्र है। साथ ही जिन महिलाओं के परिवार के सदस्यों के नाम पर चार पहिया वाहन ट्रैक्टर है, वह भी योजना के लिए पात्र हैं। जिले में कोई भी पात्र महिला आवेदन से छूटे नहीं यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री दुबे द्वारा मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना पर भी चर्चा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, कृषि सहित अन्य विभागों की गतिविधियों तथा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री मकसूद खान, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अल्का सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।






