नसीमखान
पीएम आवास ग्रामीण, आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश
रायसेन,
जिले के नवागत कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा शुक्रवार को औबेदुल्लागंज जनपद में आयोजित बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आजीविका मिशन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने उपस्थित अधिकारियो, एडीईओ, पीसीओ, सचिव, जीआरएस को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाईन में प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी त्वरित समाधान किया जाए।
कलेक्टर द्वारा आजीविका मिशन की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु उन्हें स्व-सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित किए जा रहे उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने कार्ययोजना बनाकर काम करें। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए अभी तक के लक्ष्य और उनकी पूर्ति की जानकारी लेते हुए एक सप्ताह में स्वीकृति के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए कि समय सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं। कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता हेतु प्रेरित करने के लिए कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजू पवन भदौरिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।






